
चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जयरुखरी नदी में मिले बुदल गंझू के शव का रहस्य पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या पत्नी से कथित अवैध संबंध के शक में की गई। इस मामले में कुठान गांव निवासी बालदेव गंझू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बालदेव को शक था कि बुदल गंझू का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। वह दावा करता है कि उसने दोनों को दो बार एक साथ देखा था। इसी शक और गुस्से ने उसके मन में इतनी दुश्मनी पैदा कर दी कि वह बुदल को सबक सिखाने की योजना बनाने लगा।
30 अक्टूबर को आरोपी ने बुदल गंझू को बहला-फुसलाकर जयरुखरी नदी किनारे ले जाया। वहां पहुंचकर उसने डंडे और पत्थर से जमकर हमला किया। बुदल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को नदी में फेंक दिया, ताकि कोई शक न हो।
शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने तकनीकी सूचनाओं और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर छानबीन की, जिसके बाद बालदेव गंझू पर शक गया।
पुलिस जब गिरफ्तारी के लिए आरोपी के घर पहुंची, तो वह भागने लगा। लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में बालदेव ने अपराध कबूल कर लिया और पूरी वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने सिमरिया थाने में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर हत्याकांड का खुलासा किया है। फिलहाल, शक और गुस्से में हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
