
चतरा: प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव में दीपावली की रात घर से दीप जलाने निकली आठ वर्षीय नाबालिक बच्ची की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छह दिनों तक लापता रही बच्ची का शव 13 नवंबर को उसके घर से लगभग 150 मीटर दूर झाड़ी और धान के खेत से बरामद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित बच्ची की मां वादिनी सीताबिया देवी ने 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना में बेटी की गुमशुदगी का आवेदन दिया था। इसके बाद थाना कांड संख्या 103/2026 दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।
*क्या है पूरा मामला*
पुलिस के अनुसार, बच्ची दीपावली की रात घर से दीप जलाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन के बाद थाने में गुमशुदगी की शिकायत की। 13 नवंबर को ग्रामीणों ने धान के खेत में शव देखने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेजा। अनुसंधान में पुलिस का आरोप है कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी, जो ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती है, अपने भैजा बिंदु भारती तथा उनके पुत्र जुगेश भारती के साथ मिलकर दीपावली की अमावस्या की रात “बली” देने के उद्देश्य से बच्ची की हत्या की। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद भी चला आ रहा था।
*तीन गिरफ्तार, जप्ती भी*
पुलिस ने सोहरी देवी, बिंदु भारती और जुगेश भारती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की है। तीनों के खिलाफ धारा 97 भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।
घटनास्थल और आरोपी सोहरी देवी के घर से पुलिस ने टूटी लाल चूड़ी, टूटी बाली, खून लगा प्लास्टर, खून लगी घास, पीड़िता का पैटा तथा सिंदूर, इत्र, गुलाबजल, धूप, हल्दी, खून लगा हसुआ, करानी और लोहे की छेनी जैसी सामग्री बरामद करने का दावा किया है।
*गांव में शोक और सनसनी*
शव बरामद होने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने शुरुआती जांच के दौरान कहा था कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
