
हजारीबाग | खिरगांव स्थित वादी-ए-रज़ा में मस्जिद-ए-ताजुश्शरिया का आज भव्य और गरिमामय समारोह में उद्घाटन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक लोग और टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मस्जिद का उद्घाटन टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदर रामम ने किया। इस अवसर पर कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी, आरसीएमयू के पदाधिकारी और मस्जिद समिति के सदस्य भी उपस्थित थे। सभी ने इस नए धार्मिक स्थल के निर्माण को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मस्जिद समिति के अध्यक्ष मोहम्मद मोइनुद्दीन और सचिव मंज़ूर आलम ने निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह मस्जिद सिर्फ इबादत की जगह नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सौहार्द का केंद्र बनेगी।
जानकारी के अनुसार, मस्जिद की आधारशिला अप्रैल 2024 में रखी गई थी और दिसंबर 2025 में इसका निर्माण पूरा हुआ। करीब 12,000 वर्ग फुट क्षेत्र में बनी इस मस्जिद में दो मंज़िला बड़ा नमाज़ हॉल है, जहां एक साथ बड़ी संख्या में लोग नमाज़ अदा कर सकते हैं।
उद्घाटन समारोह में लोगों का उत्साह देखने लायक था। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। मस्जिद-ए-ताजुश्शरिया आने वाले समय में खिरगांव और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक केंद्र के रूप में काम करेगी।
