
Chatra : कान्हाचट्टी प्रखंड के मदगाड़ पंचायत में उत्कृष्ट ग्राम सभा के भौतिक सत्यापन के क्रम में झारखंड सरकार के राजभाषा विभाग से आए अधिकारी अजीत कुमार सिंह द्वारा ग्राम पंचायत मदगड़ा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बैजनाथ कुमार, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, सभी वार्ड सदस्य, जलसहिया, सहिया, आंगनबाड़ी सेविका, एएनएम, सभी विद्यालयों के सचिव एवं अध्यक्ष, जेएसएलपीएस सदस्य, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अभिलेखों के संधारण, जनभागीदारी तथा पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों का गहन भौतिक सत्यापन किया। टीम ने पंचायत में पारदर्शिता, नियमित ग्राम सभा, महिला सहभागिता तथा सामुदायिक सहयोग से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस मौके पर ग्राम पंचायत मदगड़ा की मुखिया सुप्रिया कुमारी ने पंचायत में संचालित विभिन्न योजनाओं, ग्राम सभा की सक्रिय भूमिका, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, शिक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत में विभागीय समन्वय एवं ग्रामीणों की भागीदारी से विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन एवं सशक्त ग्राम सभा के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया। उत्कृष्ट ग्राम सभा का यह भौतिक सत्यापन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संवाददाता ,नीतेश कुमार सिंह
