
चतरा जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है।जिले के उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद यादव एवं एमभीआई नीरज कुमार ने वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र के जोरी के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया।यह कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं में कमी, नियमों के पालन तथा वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी। जांच टीम ने दोपहिया से लेकर भारी वाहनों तक सभी श्रेणियों की गाड़ियों की कड़ाई से जांच की।वाहन कागजात,ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस,इंस्योरेंस,प्रदूषण प्रमाण पत्र तथा ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए गए अनेक वाहनों पर कार्रवाई की गई और कुल ₹2,64,000 का जुर्माना वसूला गया। डीटीओ ने बताया कि बिना हेलमेट बाइक चलाना, तेज रफ्तार,ओवरलोडिंग और आवश्यक कागजातों की कमी जैसे उल्लंघनों के खिलाफ प्रशासन शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर अनुशासन ही दुर्घटनाओं से बचाव का सर्वोत्तम उपाय है, इसलिए सभी वाहन चालकों को नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
