
चतरा से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर यात्रियों से भरी बदन नामक एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई है। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया। हादसा चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित सघरी घाटी के भुईयांडीह-जोरी के बीच हुआ है। जानकारी के अनुसार, रायगढ़ से गया की ओर जा रही ‘बदन बस’ जैसे ही घाटी के इस खतरनाक मोड़ पर पहुँची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने घायलों को तुरंत बस से निकालकर नजदीकी सदर अस्पताल भेजा। इस हादसे में लगभग आधा दर्जन लोगों को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक यात्री की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।घायलों की पहचान जहानाबाद के राकेश कुमार, वजीरगंज गया के रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार के रूप में हुई है। बता दें कि यह बस डुमरिया से दोपहर 1:30 बजे खुलकर रायपुर के लिए चलती थी, जो रानीगंज, शेरघाटी, डोभी और चतरा होते हुए लंबा सफर तय करती है। फिलहाल पुलिस प्रशासन मौके पर डटा हुआ है और क्रेन की मदद से बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है। घाटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़कों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से। प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों को सूचित कर दिया है।
