
चतरा। जिले के कुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम बटुकुईया गांव से अफीम तस्करों के खिलाफ बड़ी सफ़लता हांथ लगी है। पुलिस ने छापामारी अभियान चलाकर अवैध अफीम, डोडा एवं पोस्ता दाना तथा अवैध अफीम की खेती में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण को जप्त किया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल आज आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति घर में व्यापार करने के उद्देश्य से अवैध अफीम और डोडा रखे हुये है। आवश्यक कार्रवाई हेतु सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल के द्वारा त्वरित कार्रवाई में
840 ग्राम अफीम,17 बोरा अफीम का डोडा कुल वजन-315 किलोग्राम,पोस्ता दाना-35 किलोग्राम,एक मोटर पंप,दो सेक्शन पाईप,फीता पाईप एक बंडल,एक कीटनाशक मशीन बरामद किया गया। एसपी श्री अग्रवाल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की मूल्य 50 लाख रु आंकी गई है। इस संदर्भ में कुन्दा थाना कांड सं0-22/2026, दिनांक 12.04.2026, धारा-15/18 /25/27/29/30 एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
