Recent Posts

newscraftrashtriya@gmail.com
Friday, October 17, 2025
Ranchi News

वरिष्ठ IAS अधिकारी अविनाश कुमार बने झारखंड के नए मुख्य सचिव

राँची | झारखंड सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अविनाश कुमार को अगले आदेश तक मुख्य सचिव पद का कार्यभार सौंपा गया है।

अविनाश कुमार (आईएएस 1993 बैच) वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड, प्रबंध निदेशक झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड और मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन, नई दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण दायित्व भी संभाल रहे थे। अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने के बाद भी वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।

इसके अलावा, झारखंड सरकार ने एक अन्य आदेश में आईएएस अजय कुमार सिंह (बैच 1995), जो वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर कार्यरत हैं, को अगले आदेश तक विकास आयुक्त, झारखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

राज्यपाल के आदेश से जारी इस अधिसूचना की प्रतिलिपि विभिन्न विभागों, आयोगों, उच्च न्यायालय, विधानसभा और भारत सरकार के संबंधित मंत्रालयों को प्रेषित की गई है।

झारखंड प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को राज्य की नौकरशाही में अहम पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Response