
चतरा. सिमरिया थाना क्षेत्र के शिला ओपी स्थित सीआरपीएफ 22बी बटालियन कैंप में गुरुवार की रात एक जवान ने ख़ुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया. जवान आशीष कुमार (38) उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर जिले के रहने वाले थे. आत्महत्या के कारणो का पता नहीं चल पाया हैं. घटना की जानकारी पाकर शुक्रवार की सुबह सीआरपीएफ के पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी कैंप पहुंचे और कैंप में पदस्थापित सीआरपीएफ पदाधिकारी व जवानों से घटना से संबंधित जानकारी ली. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया. सीआरपीएफ के अधिकारियों ने घटना की जानकारी उसके परिजनो को दे दी हैं. जानकारी के अनुसार जवान रात्रि ड्युटी पर कैंप में ही था. इस दौरान खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लिया. इसकी जानकारी जवानो ने वरीय अधिकारी को दी. मालूम हो कि जिले के विभिन्न कैंप में कई सीआरपीएफ जवान फांसी लगाकर जान दे चुके हैं. कुछ माह पूर्व चतरा जिला मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ 190 बटालियन कैंप मध्य प्रदेश के एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इसके पूर्व कान्हाचट्टी में एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. हालांकि लोगो का मानना है कि मानसिक, भावनात्मक व घरेलू तनाव के कारण सीआरपीएफ जवान आत्महत्या कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है.
