
Chatra : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त श्री रमेश घोलप की अध्यक्षता में जिले के विकास योजनाओं व जन कल्याणकारी योजनाओं कि समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, जेएसएलपीएस, कल्याण विभाग, पंचायती राज समेत अन्य विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की क्रमवार समीक्षा कर शत प्रतिशत लक्ष्य के विरूद्ध योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं विशेष केन्द्रीय सहायता मद, जिला खनिज फाउण्डेशन ट्रस्ट, अनाबद्ध निधि से भी संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी उपस्थित कार्यकारिणी एजेंसी के कार्यपालक अभियंता से लिया। उन्होने कहा जो विकास योजनाएं पूर्ण हो चुकी है उसे संबंधित को हस्तांतरण करने का निर्देश दिया। बताते चले कि कल दिनांक-20 जून 2024 को राज्य के माननीय मंत्री, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग विभाग, झारखण्ड सरकार, श्री सत्यानंद भोक्ता डीएमएफटी भवन चतरा में जिले के विकास योजनाओं व जन कल्याणकारी योजनाओं कि समीक्षा बैठक जिले के अधिकारियों के साथ करेंगे। मौके पर डीएमएफटी भवन परिसर से ही मादक पदार्थों के दुरूपयोग को समाप्त करने हेतु जिला जन सम्पर्क कार्यालय, चतरा द्वारा तैयार किए गए नशा मुक्ति एलईडी प्रचार वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया जाएगा। यह रथ जिले, अनुमण्डल, प्रखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में घुम घुम कर मादक पदार्थों के दुरूपयोग को लेकर आमजनों को जागरूक करेगी। साथ ही माननीय मंत्री द्वारा कई योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन, लाभुकों के बीच योजनाओं का स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का भी वितरण किया जाएगा। उक्त बैठक में वन प्रमण्डल पदाधिकारी उत्तरी राहुल मीणा, वन प्रमण्डल पदाधिकारी दक्षिणी मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त पवन कुमार मण्डल, अनुमण्डल पदाधिकारी चतरा सुरेन्द्र उरांव समेत सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
