

चतरा पुलिस ने जिले में सक्रिय नशीले पदार्थों की खेती करने वाले माफियाओं के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी वसीम राजा के नेतृत्व में गठित सदर थाना पुलिस की स्पेशल छापेमारी दल ने थाना क्षेत्र के कडलंगा गांव में माफियाओं के द्वारा तस्करी के लिए किए गए अवैध गांजे की फसल को बरामद किया है। इसके साथ ही गांजे की खेती करने में संलिप्त गोपाल दांगी नामक एक तस्कर को भी मौके से गिरफ्तार किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि चतरा पुलिस के द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस संबंध में सदर थाना कांड सं0- 416/23, दिनांक-18/12/23, धारा 20 एन०डी०पी०एस० एक्ट दर्ज कर अग्रतर कार्यवाई की जा रही है।वहीं गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के बाद न्यायिक अभीरक्षा मे भेज दिया गया है।
