

चतरा : सदर प्रखंड के लेम पंचायत के मुखिया राकेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह ने गुरुवार को पंचायत सचिवालय में शिविर लगाकर असहाय व गरीबो के बीच कंबल का वितरण किया। मुखिया ने पंचायत के लेम, भोज्या, सतौर, सिनपुर, मरमदिरी, कनौदी, लुपुंगा, गोडरा, तुरी, लातवेद, पचमहला गांव के 150 गरीबों को कंबल मुहैया कराया। मुखिया ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि विगत दस साल से लगातार पंचायत के वैसे असहाय व निर्धन परिवार के बीच कंबल का वितरण करते हैं। जिनके पास इस कंपकपाती ठंड में भी तन ढकने के लिए सही से कपड़े नहीं रहते हैं।उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वैसे लोगो को चिन्हित कर कंबल दिया जाएगा। कहा कि कंबल जरूरतमंदों तक पहुंचे इसके लिए पूर्व से ही तैयारी करते हैं और क्षेत्र में घूम घूम कर वैसे लोगों की सूची बनाते हैं जो पूरी तरह लाचार व वेवश है। मुखिया ने कहा कि ऐसा कर हमें काफी आत्म संतुष्टि मिलती है। क्योंकि साधन संपन्न लोग तो अपने संसाधनों से गर्म कपड़े व कंबल जुटा लेते हैं लेकिन गरीब तबके के लिए एक अदद कंबल खरीदने के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। मौके पर वार्ड सदस्य रितेश सिंह, सुबोध सिंह अशोक सिंह, अलख सिंह, मनोज सिंह सहित सभी वार्ड सदस्य उपस्थित थे।
