
चतरा: चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक 9 MM का देशी पिस्टल, जिंदा गोली, मिसफायर गोली तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुआ है। झारखंड पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक, चतरा को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम एकता में कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियार के साथ कोई अपराध करने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी, कुंदा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने ग्राम पिंजनी के टोला पडरियाबर स्थित तीन मुहाने के पास पहुँचकर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम दशरथ कुमार भारती (23), पिता औकाती भारती, निवासी मांझीपाड़ा, थाना कुंदा, जिला चतरा बताया। विधिवत तलाशी में उसकी बायीं तरफ कमर पर बने खोसे से एक 9 MM का देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में दशरथ ने बताया कि यह हथियार उसके साले विक्रम कुमार ने उसे दिया था। इसके बाद पुलिस ने विक्रम कुमार (18), पिता लोधर भारती, निवासी मरगड़ा टोला, ग्राम एकता, थाना कुंदा को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कुंदा थाना में कांड संख्या 66/2026, दिनांक 09.11.2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a), 26 एवं 35 के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती के विरुद्ध कुंदा थाना में कांड संख्या 47/2021, दिनांक 12.09.2021, धारा 379 भारतीय दंड विधि दर्ज है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों से आगे और पूछताछ की जा रही है, ताकि हथियार के स्रोत एवं संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।
