
कान्हाचट्टी (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के किसानों को अब गुणवत्तापूर्ण बीज के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में कान्हाचट्टी में फार्मर्स सर्विस को-ऑपरेटिव बहुउद्देशीय सहयोग समिति लिमिटेड की शुरुआत की गई। चिरिदिरी पंचायत के मुखिया घनश्याम पासी ने फीता काटकर समिति का विधिवत उद्घाटन किया। समिति के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद जगी है। उद्घाटन समारोह के दौरान समिति के चेयरमैन पप्पू कुमार सिंह ने किसानों को समिति के उद्देश्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से इच्छुक किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को खेती के लिए बेहतर बीज प्राप्त करने में सहूलियत होगी। साथ ही अनुदान मिलने से किसानों पर आर्थिक बोझ भी कम पड़ेगा। आधार कार्ड और जमीन की रसीद लेकर पहुंचें किसान समिति के चेयरमैन पप्पू कुमार सिंह ने क्षेत्र के किसानों से अपील करते हुए कहा कि जो किसान अनुदानित दर पर बीज प्राप्त करना चाहते हैं, वे अपना आधार कार्ड एवं जमीन की रसीद लेकर बीज भंडार पहुंचें। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किसान अनुदानित दर पर बीज का उठाव कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं एवं कृषि सुविधाओं का लाभ दिलाने में समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता चेयरमैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज और जरूरी कृषि सुविधाएं मिलना बेहद आवश्यक है। समिति का मुख्य उद्देश्य किसानों को सहयोग प्रदान करना, कृषि कार्यों को बढ़ावा देना तथा खेती को अधिक सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने किसानों से समिति से जुड़कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। वहीं, समिति के उद्घाटन के बाद क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है। किसानों को उम्मीद है कि समिति के माध्यम से उन्हें कृषि कार्यों में आवश्यक सहयोग मिलेगा और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। मौके पर समिति के चेयरमैन पप्पू कुमार सिंह, चिरिदिरी पंचायत के मुखिया घनश्याम पासी, डब्लू सिंह, पिंटू केशरी सहित समिति के सदस्य एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
