
चतरा सदर अस्पताल में रविवार को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र कुमार सिन्हा एवं उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों, चिकित्सकों एवं मरीजों को उच्च रक्तचाप से बचाव और नियमित जांच के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण उच्च रक्तचाप की समस्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से ब्लड प्रेशर जांच कराने, संतुलित भोजन लेने, नमक का सीमित सेवन करने तथा प्रतिदिन व्यायाम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से हृदय रोग, स्ट्रोक एवं अन्य गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि उच्च रक्तचाप को ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण आसानी से दिखाई नहीं देते। इसलिए हर व्यक्ति को समय-समय पर अपना रक्तचाप जांच कराना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों का नि:शुल्क रक्तचाप जांच किया गया। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। मौके पर अस्पताल के कई चिकित्सक, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
