
Ranchi : झारखंड-बिहार की सुरक्षा एजेंसियों को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। खपिया के घने जंगलों में चलाए गए नक्सल उन्मूलन अभियान में 209 कोब्रा कमांडो और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने भाकपा (माओवादी) के रिजनल कमेटी सदस्य शहदेव महतो समेत चार हाई-प्रोफाइल नक्सलियों को मार गिराया। दोपहर करीब 1 बजे हुई मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में चार शव, चार घातक हथियार और रोजमर्रा की सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में मारे गए नक्सलियों की पहचान हो गई है। इनमें 15 लाख रुपये का इनामी शहदेव महतो (कुटहन, केरेडारी, हजारीबाग—41 कांड), 10 लाख के रंजीत गंझु (सतीटाड़, लावालौंग, चतरा—9 कांड), महाराष्ट्र की सब-जोनल कमेटी सदस्य नताशा (थाईपरागढ़, गढ़चिरौली—17 कांड) और 1 लाख के एरिया कमांडर बुधन करमाली (गोदवार, टंडवा, चतरा—10 कांड) शामिल हैं। जब्त हथियारों में दो एके-47, एक कोल्ट एआर-15 और एक इंसास राइफल हैं।
यह अभियान हजारीबाग-चतरा सीमावर्ती पारसनाथ-लुगूझुमरा इलाके में सक्रिय माओवादी दस्ते को जड़ से उखाड़ फेंकने वाला साबित हुआ। झारखंड पुलिस ने बाकी बचे उग्रवादियों से आत्मसमर्पण की अपील की है। राज्य सरकार की ‘आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति’ का लाभ उठाने को कहा गया है, ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें।
