
कान्हाचट्टी (चतरा): प्रखंड क्षेत्र के सीताराम सायल बगीचा में रविवार, 22 मार्च को आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित हुए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए, जिनमें भाजपा प्रखंड मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, कामख्या सिंह, मिलन केशरी, अरुण सिंह, सुमन सिंह, कैंडी नगर की मुखिया अचला कुमारी सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मेलन के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही। संयोजक विनय कुमार सिन्हा, सह-संयोजक सतीश सिंह एवं प्रिंस कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कमांडो रजक, सह-कोषाध्यक्ष रंजन केशरी, व्यवस्था प्रमुख उदय चंद्रवंशी, सह-व्यवस्था प्रमुख पंकज सिंह व कुंदन सिंह, तथा प्रचार-प्रसार प्रमुख नवल सिंह, नितेश सिंह एवं अवधेश सिंह समेत सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते नजर आए।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद कालीचरण सिंह, पूर्व विधायक सत्यानंद भोक्ता, भैरव सिंह, विंदेश्वर शाहू, विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी की क्षेत्रीय आयोजक शोभा रानी एवं बजरंग दल के जनमेजय जी सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में भैरव सिंह ने जोशीले भाषण से उपस्थित जनसमूह में ऊर्जा भर दी। उन्होंने समाज में एकता, संस्कृति एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत भजन, सांस्कृतिक नृत्य, संगीत एवं झांकियां रहीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। भक्ति गीतों और रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। सम्मेलन के दौरान सामाजिक समरसता, शिक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण को लेकर भी संदेश दिए गए। पूरे आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था सराहनीय रही। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और जयघोष के साथ हुआ। इसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
कान्हाचट्टी, नितेश कुमार सिंह
