
Chatra : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में समेकित बिरसा ग्राम योजना अंतर्गत बिरसा कृषक पाठशाला की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित बिरसा कृषक पाठशालाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार ने जानकारी दी कि जिले के चतरा, हंटरगंज एवं इटखोरी प्रखंडों में कुल तीन बिरसा कृषक पाठशालाएं संचालित हैं। संबंधित कार्यकारी एजेंसियों द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने-अपने प्रखंडों में चल रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि तीनों कृषक पाठशालाओं में बकरी पालन, मुर्गीपालन, सुकर पालन तथा कृषि से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाना है। इन गतिविधियों के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। इसके अतिरिक्त उन्नत कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण एवं पशुपालन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी कार्यकारी एजेंसियां गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया, ताकि किसानों को योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
