
लावालौं/चतरा : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हेडुम पंचायत के मध्य विद्यालय में सोमवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य इसाक अंसारी को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।समारोह के दौरान बीस सूत्री अध्यक्ष छठू सिंह भोक्ता, पंचायत समिति सदस्य प्रदीप तूरी, राजद पार्टी के प्रखण्ड अध्यक्ष लालू यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में प्रधानाचार्य इसाक अंसारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक विकास, अनुशासन और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई।इस मौके पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और भावुक माहौल में उन्हें विदाई दी। बच्चों ने प्रधानाचार्य के प्रति अपना सम्मान और स्नेह प्रकट किया। अभिभावकों ने भी उनके सरल स्वभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।विदाई समारोह के अंत में प्रधानाचार्य इसाक अंसारी को अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में इसाक अंसारी ने सभी सहयोगियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हेडुम मध्य विद्यालय से जुड़ी स्मृतियां उनके जीवन में हमेशा बनी रहेंगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
