
Chatra : उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), चतरा के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, चतरा की अध्यक्षता में सोमवार, 02 फरवरी 2026 को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में Revamped सीआरएस (Civil Registration System) पोर्टल के माध्यम से जन्म, मृत्यु एवं मृत-जन्म के ऑनलाइन निबंधन से संबंधित जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), चतरा श्री अनुरंजन झा ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु जैसी महत्वपूर्ण घटनाओं का निबंधन नियमानुसार एवं त्वरित गति से सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता एवं एकाग्रता के साथ ग्रहण करने का आह्वान करते हुए कहा कि जन्म-मृत्यु निबंधन राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची से आए मास्टर ट्रेनर ज्ञानचंद्र महतो द्वारा जन्म-मृत्यु निबंधन अधिनियम, 1969, जन्म-मृत्यु निबंधन की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP), सीआरएस पोर्टल पर जन्म एवं मृत्यु की ऑनलाइन प्रविष्टि, अनुलब्धता प्रमाण पत्र का ऑनलाइन निर्गमन, शिशु का नाम जोड़ने की प्रक्रिया सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिला शिक्षा पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल चतरा, जिला जनसंपर्क कार्यालय के प्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी (कान्हाचट्टी, लावालौंग, हंटरगंज), सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, सभी पंचायतों के पंचायत सचिव, प्रखंड कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के जीवनांक लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, जिला सांख्यिकी कार्यालय, चतरा के सांख्यिकी सहायक सहित सुनील कुमार गुप्ता, अनूप कुमार एवं अनिल पांडेय समेत अन्य कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को सीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन की प्रक्रिया में दक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जिले में जन्म-मृत्यु निबंधन कार्य को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जा सके।
