
Ranchi : झारखंडवासियों के लिए रेल यात्रा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। रांची से लखनऊ के बीच एक नई ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी हो गई है, जो पलामू होकर अयोध्या के रास्ते लखनऊ तक जाएगी। इसके साथ ही रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अब प्रतिदिन चलेगी, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से झारखंड के सांसदों की मुलाकात के बाद यह सहमति बनी है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने किया। उनके साथ जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, हजारीबाग के मनीष जायसवाल और चतरा के सांसद कालीचरण सिंह मौजूद थे।
बैठक में रेल मंत्री ने न केवल रांची-लखनऊ नई ट्रेन की मांग पर सहमति दी, बल्कि राजधानी एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की। अब राजधानी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन लोहरदगा-पलामू मार्ग से और चार दिन हजारीबाग-कोडरमा मार्ग से नई दिल्ली तक चलेगी।
पलामू को फिर मिलेगी ‘स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस’
मुलाकात के दौरान झारखंड के लिए एक और खुशखबरी मिली। कोहरे के कारण रद्द की गई झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को फिर से चालू करने की सहमति रेल मंत्री ने दे दी है। यह ट्रेन पलामू क्षेत्र के लिए ‘लाइफ लाइन’ मानी जाती है, जिसकी वापसी से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद विष्णुदयाल राम ने पुष्टि की
सांसद विष्णुदयाल राम ने मुलाकात में मिले आश्वासन और सहमति की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि झारखंड के यात्रियों की सुविधा के लिए रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया है। रांची-लखनऊ के बीच नई ट्रेन की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। अगले कुछ महीनों में नई ट्रेन का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है।
