
Chatra : झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आज जिला मुख्यालय में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (Run For Cleanliness) कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने समाहरणालय परिसर से दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।समाहरणालय परिसर से प्रारंभ हुई यह दौड़ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम तक आयोजित की गई। इसमें जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के पदाधिकारियों, कर्मियों सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा आमजनों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने आमजनों से अपने घर, आसपास के क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ अभियान की शुरुआत की गई थी। पखवाड़ा के दौरान 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं, नाटक, नृत्य-संगीत एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं 26 एवं 27 नवंबर को जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों एवं टीमों द्वारा रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय आयोजन में सहभागिता की जाएगी। इसके अतिरिक्त 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन होगा तथा 28 नवंबर को राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित समेत समाहरणालय के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
