
चतरा के सदर अस्पताल में मरीजों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने और अन्य अनियमितताओं की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर गठित जांच टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कार्यरत कर्मी को अतिरिक्त राशि लेने के आरोप में पुलिस को सौंप दिया गया।
शिकायत के बाद जांच
मरीजों और उनके परिजनों द्वारा अतिरिक्त वसूली तथा स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता की शिकायतें मिलने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया। जिला प्रशासन ने तत्काल जांच टीम गठित कर अस्पताल के विभिन्न विभागों और सुविधाओं की जांच करने का निर्देश दिया। जांच टीम में परीक्ष्यमान उप समाहर्ता रमेश कुमार गुप्ता, अश्विनी अभिनव, विवेक कुमार, केशव कुमार, संदीप कुमार बंकीरा, अभिषेक कुमार मिश्रा सहित DMFT के कर्मी शामिल थे। टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर कर्मियों की उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की जांच की।
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर खुलासा
निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कार्यरत कर्मी भीम कुमार सिंह द्वारा मरीजों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने का मामला सामने आया। इसे गंभीर लेते हुए जांच टीम ने संबंधित कर्मी को तत्काल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। टीम को रजिस्ट्रेशन के अलावा पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेंटर, अल्ट्रासाउंड केंद्र और अन्य जांच सेवाओं में भी निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने के संकेत मिले। प्रशासन के अनुसार, रजिस्ट्रेशन के लिए केवल नियमानुसार निर्धारित शुल्क लिया जाना है और कई मामलों में यह सुविधा निःशुल्क भी उपलब्ध है।
विभागों की हुई जांच
जांच टीम ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेंटर, अल्ट्रासाउंड केंद्र, दवा घर, कचरा प्रबंधन तथा इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की जांच की। कर्मियों की उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को भी ध्यान में रखा गया। निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों, अनियमितताओं और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। यह प्रतिवेदन उपायुक्त को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का संदेश
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों या उनके परिजनों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने वालों के खिलाफ किसी भी सूरत में सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अस्पताल में अवैध वसूली, भ्रष्टाचार या किसी अनियमितता की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन को तुरंत अवगत कराएं, ताकि समय रहते जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
