
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र अन्तर्गत कोलकोले पंचायत के सुदूरवर्ती गांव शाम्हे-मड़वा में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने एवं ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनिमेष मैथानी, डीएसपी चतरा, पुलिस इंस्पेक्टर सिमरिया, पंकज कच्छप, थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं पंचायत के मुखिया राजेश कुमार साहू , उपमुखिया नौशाद आलम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मो० आबिद तथा वन विभाग से प्रभारी वनपाल रवि कुमार, वन रक्षी अमित कुमार, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती से जुड़ी जानकारी लेने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी उनके गांव में विकास की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। गांव में बेरोजगारी की गंभीर समस्या है। वहीं, आवागमन के लिए बेहतर सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखी गई हैं। यहां तक कि ग्रामीणों द्वारा वोट बहिष्कार तक किया गया था। उस समय तत्कालीन उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने गांव पहुंचकर सड़क निर्माण जल्द कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद ग्रामीणों की समस्याएं फिर से ठंडे बस्ते में चली गईं। ग्रामीणों का कहना था कि उनकी समस्याएं सरकार तक नहीं पहुंच पाती हैं और न ही समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल होती है।वहीं, ग्रामीणों ने अवैध अफीम की खेती को लेकर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में रैयती जमीन पर अफीम की खेती नहीं की जाती है, बल्कि जंगलों एवं वन भूमि पर इसकी खेती की जाती है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि वन क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती हो रही है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? केवल खेती करने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय इसके पीछे की पूरी व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए।इस पर पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध अफीम की खेती की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई सड़क, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से लिया गया है। इन समस्याओं से उपायुक्त महोदय को अवगत कराते हुए समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब भी इस इलाके में सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की मांग की जाती है, तो वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी का हवाला देकर टेंडर रद्द कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों का विकास प्रभावित हो रहा है। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि जहां तक ग्रामीण एवं रैयती जमीन उपलब्ध है, कम से कम वहां तक सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुचारू हो सके और उन्हें बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा तथा सड़क और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्तर पर बातचीत कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने युवा पीढ़ी को अवैध अफीम की खेती के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इसके प्रलोभन में नहीं पड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा गलत रास्ते पर जाने के बजाय वैकल्पिक खेती को अपनाएं। सब्जी उत्पादन एवं अन्य लाभकारी कृषि कार्यों के माध्यम से अपनी आजीविका मजबूत करें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती से दूर रखना, युवाओं को जागरूक करना तथा क्षेत्र में शांति और विकास का माहौल स्थापित करना रहा।
रिपोर्टर मो0 साजिद
