
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटम गांव निवासी रंजीत भुइयां की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रंजीत भुइयां बाइक से अपने ससुराल बालूमाथ जा रहा था। इसी दौरान जबड़ा के आगे सड़क पर उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस एवं परिजनों को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, रंजीत का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर बाइक से अपने ससुराल बालूमाथ जाने के लिए निकला था। इसी दौरान जबड़ा के आगे वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।घटना की जानकारी मिलने के बाद हेडुम पंचायत के मुखिया संतोष राम मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता एवं लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी।पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी मातम का माहौल छा गया। बाद में परिजनों द्वारा रंजीत भुइयां का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
