चतरा :-गंधरिया पंचायत भवन में उपविकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सक्षम ग्राम पंचायत तथा पंचायत ज्ञान केंद्र को लेकर बैठक किया गया। उप विकास आयुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन चतरा विभिन्न विभागों तथा चयनित 17 पंचायतों को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने की योजना पर कार्य कर रही है। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, स्वच्छता, एवं युवा सशक्तिकरण के दिशा में कार्य किया जायेगा।
इस कार्यक्रम का पीरामल फाउंडेशन तथा जिले में कार्य कर रहे अन्य यंग प्रोफेशनल के माध्यम से क्रियान्वयन किया जायेगा।पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधी घनश्याम शर्मा ने कार्यक्रम में अपने वक्तव्य के दौरान सक्षम ग्राम पंचायत की योजना को उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों को बताया। शर्मा ने बताया कि सक्षम ग्राम पंचायत जिले की पंचायतों में अभिसरण और सहयोग के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने की पहल है। इस कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य-पोषण, स्वच्छता, को बेहतर और राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतारने के साथ युवा तथा महिला सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए इसे चतरा जिला के 17 पंचायतों में प्रायोगिक तौर पर कार्य किया जा रहा है। इन पंचायतों में विद्यालयों, आंगनवाडी केन्द्रों को सुदृढ करने के साथ ही स्वच्छता तथा युवाओं के कौशल विकास तथा उनके लिए रोजगार के अवसरों के विकास योजना पर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में चतरा, सिमरिया और हंटरगंज के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सहित एक दर्जन से अधिक पदाधिकारी तथा 17 पंचायतों के मुखिया, उपास्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रखंड विकास पदाधिकरी, चतरा, मुखिया संघ की अध्यक्ष तथा गंधरिया पंचायत की मुखिया अनीता यादव तथा पीरामल फाउंडेशन के अमित भारती, दीपक मिश्रा, नेहा ठाकुर, दीपांशी निगम,अफसर आजाद, जीत कुमार, आदित्य कुमार ने अहम योगदान दिया।

