
चतरा/जिले के हंटरगंज प्रखंड के वशिष्ठ नगर,जोरी थाना क्षेत्र के सलैया पंचायत के करमाली गांव के बंद पड़े माइंस के गहरे पानी में डूबने से आनंद यादव(19 वर्ष) नामक युवक की मौत हो गई। मृतक को काफी मशक्कत के बाद लगभग 7 घंटे बाद स्थानीय तैराकों की मदद से देर शाम पानी से बाहर निकाला गया। मृतक युवक सदर थाना क्षेत्र के लेम पंचायत के कन्नौदी गांव का निवासी था। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक करमाली गांव में स्थित एमएसयू इंटरप्राइजेज के पत्थर माइंस पर मजदूर के रूप में कार्यरत था। परिजन रंजीत यादव ने माइंस संचालक एमएसयू इंटरप्राइजेज के मालिक मुकेश सिंह पर हत्या करने का आरोप लगाया है। रंजीत यादव ने आरोप लगाया कि मृतक माइंस मे पूर्व से ही काम कर रहा था। बकाया भुगतान को लेकर माइंस संचालक से विवाद चल रहा था। बताया कि कुछ दिन पूर्व मुकेश सिंह ने मृतक को मार कर फेंक देने की बात कही थी। वहीं हंटरगंज के प्रखंड प्रमुख पति और समाजसेवी कमलेश यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा फोन के माध्यम से जानकारी मिली कि करमाली माइंस के बंद पड़े खदान में एक युवक डूब गया है। जानकारी मिलने के बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि काफी भीड़ है और गोताखोर आए हुए हैं। लेकिन युवक नहीं मिल पाया है तो उन्होंने तत्काल चतरा डीसी और सीओ से बात की। डीसी साहिबा ने एनडीआरएफ की टीम भेजने की बात कही है। बताया कि मृत युवक बगल के एमएसयू इंटरप्राइजेज माइंस में मजदूर के रूप में कार्यरत था।
