
लावालॉंग/चतरा : मकर संक्रांति के मौके पर प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध खैवा बंदारू जलप्रपात में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी थी।लोग प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरम वादियों का आनंद ले रहे थे। इधर कटिया पंचायत के मुखिया मिसी देवी के द्वारा जगह जगह पर सैलानियों की सूरक्षा के लिए युवकों को तैनात किया गया था। तभी अचानक अफरा-तफरी मच गई,जब एक युवक गहरे खाई में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सेहदा गांव निवासी पिंटू भुईयां खैवा बंदारू जलप्रपात घूमने आया था। यहां पहुंचने के बाद उसने पर्यटन स्थल पर ही बिक्री हो रही शराब की दुकान से जमकर शराब पी।नशे की हालत में वह जलप्रपात की खतरनाक कंदराओं और खाइयों में उतर-उतर कर सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह फिसलते हुए सबसे गहरी और खतरनाक खाई में जा गिरा।सूचना पाते ही मुखिया प्रतिनिधि सह समाजसेवी मिथलेश चौबे दल बल के साथ पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए अपने-अपने मफलर और गमछे को जोड़कर नीचे फेंका। उसे पकड़कर किसी तरह युवक को बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के बाद युवक ठंड से बुरी तरह कांप रहा था। लोगों ने आग जलाकर उसे पास में बैठाया और उसकी स्थिति को सामान्य किया। सैलानियों का कहना है कि खैवा बंदारू जलप्रपात में सबसे अधिक भीड़ शराब जोन के आसपास ही देखने को मिल रही थी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि समय रहते समुचित व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए,तो भविष्य में यहां कोई बड़ी और जानलेवा घटना घट सकती है।लोगों को सूरक्षा व्यवस्था कायम करने में केसो गंझू,रामजीत गंझू,अर्जुन गंझू, राजेंद्र गंझू,बसंत गंझू,झुबर गंझू, अमरेश गंझू,विकास गंझू,विजय गंझू समेत अन्य लोगों ने अहम भूमिका निभाई।
रिपोर्टर मो0 साजिद
