
हजारीबाग | वार्ड नंबर 02 के मतदाताओं के लिए फ़हीमा स्कूल चौक, अल्फ़लाह कॉलोनी स्थित अल्फ़लाह हेल्प डेस्क पर रविवार को एक महत्वपूर्ण वोटर लिस्ट मैपिंग शिविर आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले इस शिविर में बीएलओ सुनीता देवी ने मतदाताओं की मैपिंग की प्रक्रिया को सहज और सुचारू रूप से पूरा किया।
समाजसेवी सबा करीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम रहा कि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इस शिविर में पहुंचे और समय पर अपनी मैपिंग प्रक्रिया को पूर्ण किया। सबा करीम ने बताया कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के हर योग्य मतदाता का नाम सही ढंग से सूची में दर्ज कराना है, ताकि कोई भी अपना मताधिकार प्रयोग करने से वंचित न रह जाए।
इस विशेष शिविर का मुख्य फोकस उन मतदाताओं पर था जिनका नाम 2003 की वोटर लिस्ट में दर्ज है। मैपिंग प्रक्रिया को तेज और सरल बनाते हुए कई लोगों के नामों में संशोधन, सुधार और आवश्यक अपडेट तुरंत कर दिए गए। इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।
शिविर में सरताज आलम, महताब आलम, सैयद अफ़ज़ल, शमीम खान, एजाजुल हक़ और राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इसे क्षेत्र के मतदाताओं के लिए एक आवश्यक और प्रभावी कदम बताया।
अल्फ़लाह हेल्प डेस्क की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे वोटर लिस्ट से संबंधित किसी भी जानकारी, सुधार या अपडेट के लिए ऐसे शिविरों में अवश्य शामिल हों। यह पहल न सिर्फ लोगों को जागरूक करेगी बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी मजबूत बनाएगी।
