
चतरा के टंडवा में आम सड़क से एनटीपीसी से निकलने वाली राख की ढुलाई से सड़कों पर गिरते राख के कण और उड़ती धूल से परेशान रहमतनगर गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने राख और कोयले की ढुलाई में लगे सैकड़ों वाहनों को रोककर जोरदार विरोध जताया। इस दौरान वाहनों को रोकने वाले ग्रामीणों ने बताया कि टंडवा-सिमरिया मुख्य सड़क से हर रोज सैकड़ों वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी से राख की ढुलाई की जा रही है। इन वाहनों में लादी गई राख गीली रहती है, जिसके कारण राख के कण पूरे सड़क पर गिरते जाते हैं। गिरे हुए राख के कण सूखकर धूल का रूप ले लेते हैं, जो सड़क पर चलने वाले राहगिरीों के लिए परेशानी का सबब बनते हैं और सड़क किनारे बने घरों में घुस जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उड़ते राख के कणों से गांव के लोग सांस संबंधी बीमारियों सहित कई रोगों से ग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आम सड़क से राख और कोयले की ढुलाई बंद करने, नियमित पानी छिड़काव तथा अलग ट्रांसपोर्टिंग सड़क बनाने की मांग की है।
