
चतरा। जिले के गिद्धौर थाना पुलिस ने आज गुरुवार को मादक पदार्थ अफीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के लोटार डैम के पास से पुलिस ने 03 किलो 12 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के लोटार डैम के पास कुछ तस्कर अफीम की खरीद बिक्री करने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ सिमरिया की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों के पास से एक प्लास्टिक में रखा अफीम बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि बरामद अफीम की अनुमानित मूल्य लगभग 15 लाख रु है। गिरफ्तार तस्करों में गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलगा गांव के कैलाश यादव का पुत्र पप्पू कुमार(18 वर्ष) और पांडेय टोला के स्व लाटो महतो का पुत्र बबलू कुमार महतो(32 वर्ष) हैं।इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या-103/25, दिनांक-11.12.2025, धारा-17 (सी0)/18 (बी0)/21 (सी0)/22 (सी0)/27 (ए)/28/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज कर तस्करों को जेल भेज दिया गया है।
