
चतरा। जिले के पत्थलगड्डा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो पेशेवर चोरों को चोरी की दो बोलेरो वाहन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता गुरुवार की देर रात को मिली,जब रात्री गश्ति के क्रम में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि बीते 11 दिसंबर को पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र से अज्ञात चोरों द्वारा एक सफेद रंग की वोलेरो वाहन संख्या जेएच 18 ई-6095
की चोरी की सूचना मिली थी। सूचना के आलोक में सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल और थाना प्रभारी के नेतृत्व में लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में गुरुवार की देर रात एंटी क्राइम चेकिंग चलाई जा रही थी। इसी क्रम में
चेकिंग के दौरान जगरनाथी गांव के पास पलामू जिला के छतरपुर निवासी पेशेवर चोर रंजीत जायसवाल को फर्जी नंबर प्लेट लगे वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। जब कागजात की जांच की गई तो वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगे होने की जानकारी मिली। जो पत्थलगड्डा से ही चोरी की गई थी। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ में पता लगा कि चोरी के काम में उसका एक सहयोगी भी है जो हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के चट्टीपेतो गांव का रहनेवाला विकास कुमार है। गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर कटकमसांडी गांव के पास से विकास कुमार को भी एक चोरी की फर्जी नंबर प्लेट लगी बोलेरो वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच से पता चला कि उक्त वाहन संख्या जेएच01 बीएच 2082 लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र से चोरी की गई है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों पेशेवर चोरों के विरुद्ध पलामू, चतरा और हजारीबाग जिले में चार चार चोरी व मारपीट के मामले दर्ज हैं। दोनों चोरों के पास से वाहन का लॉक खोलने के लिए लोहे का ढांचा और तीन मोबाइल बरामद किया गया है। छापामारी टीम में शुभम कुमार खण्डेलवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया,पुअनि राकेश कुमार, थाना प्रभारी पत्थलगड्डा थाना,सअनि प्रदीप कुमार सिंह (अनुसंधानकर्ता),तकनीकी शाखा के आरक्षी-810 धनेश्वर रविदास और पत्थलगड्डा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
