
चतरा : जोरी वशिष्ठ नगर थाना पुलिस ने काली मंदिर के समीप छापामारी कर तीन तस्करों को 460 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक बाइक (बीआर-02एडी-4086) और तीन मोबाइल भी जब्त किए। गिरफ्तार तस्करों में बिहार के शेरघाटी थाना क्षेत्र के झाऊ निवासी गौतम कुमार, जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के चंदन कुमार और कोनिया निवासी पिंटू कुमार शामिल हैं।थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अफीम की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने काली मंदिर के निकट एक बाइक पर सवार तीनों युवकों को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें अफीम बरामद हुई।पुलिस ने वशिष्ठ नगर थाना कांड संख्या 87/25 के तहत एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। छापामारी दल में डीएसपी अमिता लकड़ा के साथ पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार, एएसआई छोटन कुमार तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
