
चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में झारखंड के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य चतरा लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराना था । सांसद कालीचरण सिंह ने क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक परियोजनाओं और योजनाओं के बारे में मंत्री को जानकारी दी और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन पत्र सौंपते हुए क्षेत्र में सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा की स्थिति में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सांसद द्वारा प्रस्तुत समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना और इन मुद्दों पर शीघ्र ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
