Recent Posts

newscraftrashtriya@gmail.com
Thursday, October 16, 2025
Hazaribagh News

मटवारी गांधी मैदान में लव-कुश जयंती का भव्य आयोजन, कुशवाहा समाज की एकजुटता ने रचा नया इतिहास

हजारीबाग | जिले के मटवारी गांधी मैदान में रविवार को लव-कुश जयंती का आयोजन अद्वितीय उत्साह और श्रद्धा के साथ हुआ, जिसमें हजारीबाग समेत आसपास के जिलों और राज्यभर से हजारों लोग उमड़ पड़े। कार्यक्रम की शुरुआत लव-कुश की प्रतिमा पर आरती और पुष्प अर्पित कर हुई। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पीसीटी चौक, इंद्रपुरी चौक, झंडा चौक, बंसी लाल चौक, बस स्टैंड और देवांगन चौक होते हुए पुनः मटवारी गांधी मैदान लौटी। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मंच से संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अभय महतो ने कहा कि कुशवाहा समाज लंबे समय से राजनीतिक क्षेत्र में पिछड़ा है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम संगठित होकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में झारखंड विधानसभा में एक तिहाई विधायक कुशवाहा समाज से होंगे। जिला अध्यक्ष सूरज कुशवाहा ने जिले में समाज को मजबूत करने और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प जताया। कार्यक्रम के संरक्षक प्रशांत सिन्हा ने कहा कि झारखंड में कुशवाहा समाज अब एक सूत्र में बंध चुका है और आने वाले समय में सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में नया इतिहास रचेगा। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को प्राथमिकता देने की अपील की। लालमन कुशवाहा ने घोषणा की कि हर साल हजारीबाग में लव-कुश जयंती भव्य तरीके से मनाई जाएगी और इसे राज्यभर में घर-घर तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर टुकेश्वर महतो, उमेश दांगी, विकास प्रताप कुशवाहा, सचिव नारायण कुशवाहा, डॉ. संजय कुशवाहा और बबलू कुमार कुशवाहा सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और कहा कि यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज की पहचान और गौरव का प्रतीक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरज कुशवाहा ने की और संचालन रितेश कुशवाहा ने किया। मौके पर महिला-पुरुष, युवा और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन एकता और गर्व का जीवंत उदाहरण बन गया।

Leave a Response