एम्बुलेंस बनी तस्करों का अड्डा, पुलिस ने किया भंडाफोड़,चौपारण चेक नाका पर दबिश, 43 किलो डोडा जब्त – चालक फरार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज


चौपारण /हजारीबाग : नशा तस्करों की नई चाल का पर्दाफाश करते हुए चौपारण पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एम्बुलेंस का इस्तेमाल इस बार डोडा की तस्करी के लिए किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरदाह चेक नाका पर जांच अभियान चलाया और संदिग्ध एम्बुलेंस (संख्या BR 02PB-6505) से भारी मात्रा में नशे का सामान जब्त किया।
पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़ जंगल की ओर भाग निकला, हालांकि घने जंगल का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। वाहन की सघन जांच में पेशेंट सीट के नीचे छुपाए गए दो बोरों में 43.650 किलो डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने एम्बुलेंस और डोडा दोनों को जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई में एसडीपीओ बरही अजीत कुमार बिमल, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, पु.अ.नि. बिन्देश्वर महतो, स.अ.नि. बदल कुमार महतो, स.अ.नि. भाजू एक्का और चोरदाह रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही।
पुलिस ने इस मामले में चालक, वाहन मालिक और अज्ञात तस्करों के खिलाफ चौपारण थाना कांड संख्या 265/25 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तस्कर अब एम्बुलेंस जैसे सामाजिक सेवा के वाहनों का दुरुपयोग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की चौकसी से उनकी यह चाल भी नाकाम कर दी गई है।