
चतरा | चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सेहदा गांव निवासी पूजा देवी (उम्र लगभग 24 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनकी शादी वर्ष 2021 में जोरी गांव निवासी गोलू विश्वकर्मा से हुई थी।मृतका की मां ने अपने दामाद सहित ससुराल पक्ष के कई सदस्यों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पूजा को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।परिजनों के अनुसार, 8 नवंबर 2025 को उन्हें सूचना मिली कि पूजा देवी की मौत हो गई है। आरोप है कि पहले उसे ज़हर पिलाया गया और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिवार का कहना है कि उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार पर्याप्त दहेज दिया था, परंतु ससुराल पक्ष की मांगें लगातार बढ़ रही थीं, जिससे पूजा मानसिक रूप से प्रताड़ित होती रही।सदर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिवार ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
