
रांची : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में दक्षिण छोटानागपुर के आयुक्त की अध्यक्षता में एयरपोर्ट एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (AEMC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट के आसपास पर्यावरण प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण विषयक मुद्दों की समीक्षा की गई।मुख्य चर्चा विषयों में धुर्वा, डोरंडा, लटमा रोड और हटिया स्टेशन क्षेत्र में अवैध मांस व मछली बिक्री, रेस्तरां और फूड वैन द्वारा कचरे का अनुचित निपटान, स्लॉटर हाउस के पास खुले नाले को ढकने की आवश्यकता तथा एयरपोर्ट क्षेत्र में भटकते कुत्तों से सुरक्षा चिंताएं शामिल थीं।बैठक में यह निर्देश भी दिए गए कि मोबाइल टावरों, ऊँची इमारतों और जल टावरों पर एविएशन ऑब्स्ट्रक्शन लाइट्स की उचित स्थापना व रख रखाव सुनिश्चित किया जाए। इसके अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।रनवे 13 एक्सेस सरफेस के तहत बिना आवश्यक NOC के निर्माण कार्यों पर गंभीर चिंता जताई गई। ड्रोन संचालन हेतु एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। सभी संबंधित विभागों को एयरपोर्ट क्षेत्र में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
