
Chatra : लावालौंग प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 35वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल चतरा में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट संजीव कुमार के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई सी समवाय लावालौंग के सहायक कमांडेंट अक्षय राठी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मोटरसाइकिल रैली से हुई, जिसमें एसएसबी के जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी भाग लिया। रैली का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश फैलाना था। इसके बाद एकता शपथ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट अक्षय राठी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और नेतृत्व कौशल के कारण ही भारत आज एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और एसएसबी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र की एकता, शांति और सुरक्षा को सशक्त बनाएंगे। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल व्याप्त था।
