
Chatra : लावालौंग प्रखंड के पोटम गांव में रहने वाले दो अनाथ बालक—12 वर्षीय सर्वेश कुमार और 7 वर्षीय रईस कुमार—कठिन परिस्थितियों में झोपड़ी बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं। जिस उम्र में बच्चे खेलने-कूदने की उम्र में होते हैं, उस उम्र में ये दोनों मासूम भाई जीवन की जद्दोजहद से जूझ रहे हैं।इन बच्चों की खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासन और समाजसेवियों द्वारा लगातार सहयोग का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में रविवार को लावालौंग प्रखंड के पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी एवं युवा समाजसेवी गौतम रविदास पोटम गांव पहुंचे। उन्होंने दोनों भाइयों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक खाद्य सामग्री एवं जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध करवाईं।गौतम रविदास ने कहा कि बच्चों के लिए भोजन और आश्रय के साथ शिक्षा भी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोनों भाइयों का अच्छे विद्यालय में नामांकन कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे शिक्षा से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर गांव के कई ग्रामीण भी उपस्थित थे।
