
चतरा : जिले में कड़ाके की सर्दी ने गरीबों और बेघरों का जीना हराम कर दिया है। ठिठुरते मजदूर चौराहों पर सिकुड़ रहे हैं, जबकि सड़कों पर सोने वाले बेघरों की जिंदगी खतरे में है। आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवलाल दांगी ने जिला प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए अल्टीमेटम थमा दिया है – सभी चौराहों पर अलाव जलाएं, गरीबों को कंबल बांटें, वरना सड़कों पर आंदोलन होगा।दांगी ने कहा, “प्रशासन सो रहा है, गरीब मर रहे हैं। अलाव से गर्माहट और कंबल से सुरक्षा जरूरी है।” उन्होंने अन्य जिलों का हवाला देते हुए बताया कि वहां कंबल वितरण शुरू हो चुका है, लेकिन चतरा जिला अब तक पीछे है। शहर के मुख्य चौराहों पर ठंड से त्रस्त मजदूरों और बेघरों की हालत देखने लायक नहीं है। प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है, क्योंकि सर्दी से मौतों का खतरा मंडरा रहा है।आजसू नेता ने मांग की है कि तत्काल अलाव की व्यवस्था हो और कंबल वितरण अभियान शुरू किया जाए। अगर मांगें पूरी न हुईं तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
