
चतरा: 30 अक्टूबर से लापता सत्यम साहू का शव गुरुवार को चतरा सदर थाना क्षेत्र के धामनिया पत्थर खान के पास बरामद हुआ। युवक 30 अक्टूबर को धामनिया मोड़ से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुआ था, जिसकी सूचना परिजनों ने सदर थाना में दी थी।शव बरामद होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हत्या की आशंका जताई और न्याय की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सदर एसडीपीओ संदीप सुमन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेजवाया।मृतक के मामा श्रवण कुमार ने बताया कि परिजन इस घटना को हत्या मानते हैं और पुलिस को लिखित आवेदन भी सौंपा गया है। पुलिस ने बताया कि मामला जांच के अधीन है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह घटना स्थानीय खनन क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है, जहां पहले भी विवाद की घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष और तेज गति से पूरी की जाएगी।गांव में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग शीघ्र न्याय की मांग कर रहे हैं।
