
चतरा।रोटी बैंक टीम कोरोना काल से अब तक लगातार जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा कार्य करती आ रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रोटी बैंक की ओर से शहर के रिक्शा और ठेला चालकों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत केसरी चौक से की गई। इसके बाद रोटी बैंक की टीम शहर में भ्रमण करते हुए पोस्ट ऑफिस तक पहुंची और रास्ते में मिलने वाले सभी रिक्शा व ठेला चालकों को कंबल प्रदान किया गया। कंबल पाकर चालकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस सेवा कार्य में रोटी बैंक के अध्यक्ष गोपाल कुमार वर्मा के साथ सदस्य चंदन स्वर्णकार, निखिल कुमार, प्रियांशु कुमार, अनिल प्रसाद, सुधीर पांडे एवं सुनील का सक्रिय योगदान रहा। मौके पर रोटी बैंक के अध्यक्ष गोपाल कुमार वर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा यह सेवा कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में शहर और आसपास के बिरहोर टोला, सेवा बस्ती समेत अन्य जरूरतमंद क्षेत्रों में जाकर गर्म वस्त्रों का वितरण किया जाएगा।
