
Chatra : उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक सह कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालयों के नामांकन हेतु ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा जिले में संचालित कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय मयूरहंड तथा नेताजी सुभाष/चन्द्र बोस बालक विद्यालय, चतरा में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नामांकन प्रक्रिया को लेकर विधिवत ऑनलाइन पोर्टल का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पात्र छात्राओं का पंजीकरण 20 फरवरी तक पोर्टल पर सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत अनुरूप नामांकन पूर्ण किया जाए। उन्होंने ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर छात्र संख्या दर्ज नहीं करने वाले जिले के सबसे खराब 25 विद्यालयों को चिन्हित कर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी विद्यालयों को प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत विद्यालयों से मैसेज प्रेषित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अगली बैठक तक जिन विद्यालयों द्वारा शत-प्रतिशत मैसेज नहीं भेजे जाएंगे, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने सभी बी.ई.ओ. एवं बी.पी.ओ. को अत्यंत जर्जर भवनों का आकलन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सेफ्टी अपडेट सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि माह जनवरी से नव नियुक्त सहायक आचार्य ई-विद्या वाहिनी पोर्टल के अंतर्गत अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही उनका वेतन एवं अन्य भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अगले शैक्षणिक सत्र 2026–27 से जिला स्तर पर मिनी रेल टेस्ट की तर्ज पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में टेस्ट आयोजित किए जाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी वार्डेन, लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर एवं बी.आर.पी. उपस्थित रहे।
