
चतरा उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति, कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में सिविल सर्जन कार्यालय, चतरा के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीएसआर के तहत सीसीएल, डीएमएफटी एवं एनटीपीसी से प्राप्त एम्बुलेंसों के सफल संचालन को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को निर्देशित किया कि चार सदस्यीय टेलीफोन ऑपरेटर दल का गठन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही सभी एम्बुलेंस चालकों के मोबाइल नंबर संबंधित वाहन के साथ टैग करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने बताया कि गुड गवर्नेंस वीक, जो 24 दिसंबर 2025 तक मनाया जाना है, के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थलों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आयुष्मान वार्ड में आईसी एवं अन्य जागरूकता सामग्री सुसज्जित ढंग से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डीएमएफटी के तहत उपलब्ध चिकित्सा पदाधिकारियों को कान्हाचट्टी, लावालौंग, मयूरहंड, गिद्धौर, पत्थलगड़ा एवं कुंदा प्रखंडों के पीएचसी में नोडल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। साथ ही उन्हें सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करने तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।कुछ दिन पूर्व पीएचसी ऊँटा के भ्रमण के दौरान वहां चिकित्सक की नियमित उपलब्धता एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएचसी चतरा के चिकित्सा पदाधिकारी को सप्ताह में दो दिन पीएचसी ऊँटा में कार्य करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) को जिले में कार्यरत एएनएम, जीएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बैठक में अनीमिया मुक्त भारत (एएमबी) कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। एनएफएचएस आंकड़ों के अनुसार 6 माह से 59 माह आयु वर्ग के 67.5 प्रतिशत बच्चों में अनीमिया की स्थिति को देखते हुए पात्र लाभुकों को आईएफए टैबलेट/सिरप नियमित एवं साप्ताहिक रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनीमिया मुक्त झारखंड सप्ताह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन चतरा डॉ. जगदीश प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, WHO के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
