
राजपुर। थाना प्रभारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को थाना दिवस का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड में चल रहे विभिन्न विवादों को सुनने और समाधान करने पर विशेष ध्यान दिया गया। थाना दिवस में अंचल अधिकारी मनोज गोपाल एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश सिंह भी उपस्थित थे।जनता और पुलिस के बीच दूरी कम करने और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजपुर थाना में हर मंगलवार को थाना दिवस आयोजित किया जा रहा है। पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनता से अनुरोध किया है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर थाना दिवस/जनता दरबार में भाग लें और अपने न्यायसंगत समाधान की उम्मीद रखें।इस बार भी अनेक मामले सामने आए, जिनमें भूमि विवाद प्रमुख थे। सभी सामने आई शिकायतों का तुरंत निष्पादन किया गया। थाना दिवस के आयोजन से जनता को एक ऐसा मंच मिल रहा है, जहां वे अपनी समस्याएं खुलकर रख सकते हैं तथा पुलिस से त्वरित मदद पा सकते हैं। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी प्रगाढ़ हो रहा है।
