
Chatra : लावालोंग प्रखंड मुख्यालय से लेकर पांकी की जर्जर स्थिति लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है । जर्जर रास्ते,जगह-जगह गड्ढे और पत्थरों से भरी सड़कें आए दिन हादसों को दावत दे रही हैं। गुरुवार को इसी बदहाल सड़क व्यवस्था का खामियाजा एक वृद्ध महिला को भुगतना पड़ा। जानकारी के अनुसार हुटरू गांव निवासी सोहरी देवी मंधनियां पंचायत मुख्यालय में एटीएम, बीटीएम के द्वारा वितरण किए जा रहे सरसों का बीज लेने गई थीं, वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गईं।वह किसी मोटरसाइकिल चालक से लिफ्ट लेकर घर लौट रही थीं। मंधनियां घाट के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उखड़े हुए रोड़ों की वजह से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और सोहरी देवी जोरदार तरीके से सड़क पर गिर पड़ीं।हादसे में उसके सिर,नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की बदहाली के कारण आए दिन लोग घायल हो रहे हैं,लेकिन सुधार के नाम पर केवल आश्वासन ही मिल रहा है।ग्रामीणों ने पूछा कि आखिर कब तक आम लोगों को इस जर्जर सड़क का शिकार बनना पड़ेगा।उनका कहना है कि नेता,मंत्री,सांसद,विधायक और जिला स्तरीय अधिकारी केवल वादों तक ही सीमित हैं।जबकि ज़मीनी हकीकत यह है कि सड़कें रोजाना लोगों की जान जोखिम में डाल रही हैं।ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है ताकि और हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्टर मो0 साजिद
