
लावालॉंग/चतरा : कुदा थाना क्षेत्र के गेंदरा गांव में हुई हत्या की घटना को लेकर मृतक देवेंद्र गंझु की पत्नी सरस्वती देवी ने थाना में आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसमें उसने 12 नामजद एवं 7–8 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है। आवेदन में सरस्वती देवी ने आरोप लगाया है कि 28 दिसंबर 2025 को उसके पति देवेंद्र गंझु को उसकी मामी सास बीणा देवी व पति मनोगा गंझु ने गेंदरा गांव देवेंद्र गंझु को अपने हिस्से की धान और सिम लेने के लिए बुलाया था। इसके बाद देवेंद्र गंझु अपने ममेरे भाई पुरनाडीह के चुरामन गंझु को साथ लेकर शाम करीब चार बजे गेंदरा गांव गया था। सरस्वती देवी ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया है कि उसी रात साजिश के तहत देवेंद्र गंझु और चुरामन गंझु को कुदाल व कुल्हाड़ी से घर में बंद कर बेरहमी से मार दिया गया। सरस्वती का आरोप है कि सभी आरोपी नक्सली है और उन्होंने पहले से ही हत्या की साजिश रच रखी थी। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके मृतक पति पर किसी के ऊपर हमला करने का गलत आरोप लगाया जा रहा है। मृतक की पत्नी ने अपने आवेदन में कहा है कि इस घटना में नामजद 12 लोगों की सीधी संलिप्तता है, जबकि 7–8 अन्य अज्ञात लोग भी वारदात में शामिल थे।
इस मामले पर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में पूर्व ही कुंदा थाना में मामला दर्ज हो चुका है, ऐसे में एक ही घटना पर दो स्थानों पर मामला दर्ज नहीं किया जा सकता है। पुलिस पहले से ही सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
