
Chatra : लावालॉंग प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को धान अधिग्रहण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। मौके पर उनके साथ बीडीओ विपिन कुमार भारती, भाजपा नेता भोला साव,प्रखंड प्रमुख मनीषा देवी, सांसद प्रतिनिधि गोविंद ठाकुर, अमित चौबे,मुखिया नेमन भारती, जितेंद्र ठाकुर,विवेक केसरी,श्रवण रजक,विनोद प्रसाद आर्य समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।मौके पर पैक्स अध्यक्ष कलावती देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस केंद्र के माध्यम से किसानों से धान की खरीद 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान मुखिया नेमन भारती ने सांसद कालीचरण सिंह का ध्यान लावालौंग प्रखंड में उत्पन्न एक गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया।उन्होंने बताया कि पूर्व अंचलाधिकारी के द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि योजना को बंद कर दिया गया है जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। इस पर सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।वहीं ग्रामीणों ने पुनः लावालौंग पांकी मुख्य सड़क निर्माण का मुद्दा भी सांसद के समक्ष रखा।इस पर सांसद कालीचरण सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस सड़क के निर्माण कार्य को जल्द ही स्वीकृति दिलाकर कार्य शुरू कराया जाएगा।
रिपोर्टर मो0 साजिद
