
रांची : झारखंड छात्र मोर्चा (जेसीएम) के रांची विश्वविद्यालय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर छात्रवृत्ति की केंद्रांश राशि केंद्र सरकार से तत्काल जारी कराने का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नि. अध्यक्ष अमन तिवारी और नि. सचिव असद फेराज टिंकू ने किया।ज्ञापन में कहा गया कि झारखंड में छात्रवृत्ति की लंबित राशि से छात्रों को पढ़ाई में भारी परेशानी हो रही है। राज्यपाल महोदय से केंद्रांश अविलंब दिलाने में सहयोग की अपील की गई।इसके अलावा रांची विश्वविद्यालय, डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, झारखंड खुला विश्वविद्यालय और जमशेदपुर महिला महाविद्यालय में स्थायी कुलपति, प्रति कुलपति, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक व प्राचार्यों की नियुक्ति की मांग उठाई। महाविद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी का हवाला देते हुए नए सत्र 2026 के नामांकन से पहले भर्ती का निर्देश देने को कहा। रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा संकाय में यूजीसी नेट/जेआरएफ पास छात्रों को शोध निर्देशक दिलाने की भी मांग की, ताकि उनके तीन वर्ष का समय व्यर्थ न जाए।राज्यपाल महोदय ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया और नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मौके पर रांची विश्वविद्यालय नि. उपाध्यक्ष गुलअफसा शानी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजू महतो व डीएसपीएमयू अध्यक्ष मनीष राणा उपस्थित थे।
